Friday , 20 September 2024

कांग्रेस 7 सितम्बर से शुरू करेगी रफेल घोटाले के खिलाफ प्रदर्शन, जनता के बीच उठाएगी मुद्दा

फतेहाबाद, 29 अगस्त(जितेंद्र मोंगा): फतेहाबाद के रतिया कस्बे में कांग्रेस की सत्ता परिवर्तन रैली हुई। रैली में कांग्रेस के हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे। जनसभा को सम्बोधित करते हुए अशोक तंवर ने भाजपा सरकार पर तंज कसा और कहा कि नरेंद्र मोदी और अनिल अम्बानी ने रफेल डील में भ्रष्टाचार का बड़ा लड्डू खाया है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस आगामी 7 सितम्बर से रफेल घोटाले के खिलाफ प्रदर्शन शुरू करने जा रही है। कांग्रेस जनता के बीच जाकर रफेल मुद्दा उठाएगी।

 

इस दौरान पत्रकारों से बात करते हुए अशोक तंवर ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश में अपराध, महंगाई और भ्रष्टाचार पूरी तरह बेलगाम हो चुके हैं। खट्टर सरकार के निकम्मेपन की वजह से बदमाशों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि प्रदेश में एक ही दिन में बैंक डकैती, हत्या, लूट और दहशत की तीन-तीन बड़ी वारदातों को अंजाम दिया गया और प्रशासन व सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। अशोक तंवर ने मौजूदा सरकार की नीतियों को गलत ठहराते हुए कहा कि भाजपा की जनविरोधी व गलत नीतियों की वजह से जनता को आज इतिहास में सबसे महंगा पेट्रोल-डीजल खरीदना पड़ रहा है। सरकारी योजनाओं के नाम पर केवल घोषणाओं और घोटालों का खेल चल रहा है। सरकार दावा कर रही है उसके कार्यकाल में अब तक 13 करोड़ 21 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं, लेकिन धरातल पर सच्चाई यह है कि इनमें से अधिकतर केवल फाइलों में हैं।

 

सरकार एक पौधे के रख-रखाव पर 3200 रुपये खर्च दिखाती है। अब आप खुद ही अंदाजा लगा सकते हैं कि पौधारोपण के नाम पर प्रदेश में कितना बड़ा घोटाला हुआ है। लेकिन भ्रष्ट नेता और अफसर इतने बेलगाम है कि अभी 2 करोड़ 10 लाख पौधे और लगाने की घोषणा की गई है। मैं मांग करता हूं कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए और जनता का पैसे लूटने वाले अधिकारियों और नेताओं को बेनकाब किया जाए। कुछ इसी तरह के तीखे प्रहारों के साथ रतिया की अनाज मंडी में आयोजित सत्ता परिवर्तन रैली में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने प्रदेश सरकार की बखिया उधेडऩे का काम किया। डॉ. अशोक तंवर द्वारा भाजपा सरकार पर बोले गए हर हमले पर पांडाल में उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गडग़ड़ाहट और हूटिंग के साथ समर्थन किया। इससे पूर्व रतिया की सीमा में प्रवेश के साथ ही पूर्व मंत्री रामस्वरूप रामा, मंगतराम लालवास, राजू लाली, गुरदीप गिल, कीर्ति जैन, दीपक भिरड़ाना, सुखपाल महमदकी, अंग्रेज लाली, स्वराज खटीक आदि कांग्रेसी नेताओं ने मोटरसाइकिल जत्थे व ढोल नगाड़ों के साथ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर का जोरदार स्वागत किया। मोटरसाइकिल जत्थे व खुली जीप में रोड शो करते हुए डॉ. अशोक तंवर को रैली स्थल तक लाया गया।

डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि हरियाणा की जनता अपने मनों में तो सत्ता परिवर्तन कर चुकी है, अब केवल बैलेट मशीन पर बटन दबा कर संवैधानिक तौर पर भाजपा को सत्ता से बेदखल करने के इंतजार में है। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की मेहनत, दूरदृष्टि और नि:स्वार्थ सेवा की भावना के चलते आज पूरे देश और हरियाणा प्रदेश में सत्ता परिवर्तन की लहर उठ चुकी है और वे पार्टी नेतृत्व को विश्वास दिलाना चाहते हैं कि हरियाणा की बहादुर जनता राहुल गांधी की इस मुहिम की अगुवाई करेगी। एक बार फिर देश और प्रदेश में कांग्रेस राज स्थापित होगा और जनता को फिर से विकास की एक नई इबारत का हिस्सा बनाया जाएगा।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कल जींद के पीएनबी बैंक में दिन दहाड़े डकैती, कुरुक्षेत्र में सुनार की लूट व हत्या और रेवाड़ी में प्रोपर्टी डीलर की दिन-दहाड़े केवल दहशत फैलाने के लिए की गई हत्या भाजपा सरकार और इसके पुलिस अमले पर पूरी तरह सवालिया निशान है। हरियाणा में अब ना व्यापारी सुरक्षित है, ना कर्मचारी और ना नारी। प्रदेश में बढ़ती ड्रग्स की तस्करी भी भयावह रूप लेती जा रही है। लोग दबी जुबान से कहने लगे हैं कि पंजाब में भाजपा की सत्ता में हिस्सेदारी थी तो पहले वहां ड्रग्स का करोबार पूरा फला-फूला और अब हरियाणा में सत्ता में है तो यहां हरियाणा बनने के बाद से पहली बार ड्रग्स जैसे खतरनाक नशे की उपलब्धता गली-मोहल्लों में हो चुकी है। सिरसा और फतेहाबाद तो पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा ड्रग्स तस्करों के निशाने पर हैं। ऐसे हालातों में हम अपने नौनिहालों का भविष्य कैसे सुरक्षित रख सकते हैं।

सत्ता में आने से पहले महंगाई और भ्रष्टाचार पर जुमलेबाजी और ड्रामेबाजी करने वाली भाजपा सरकार के सत्ता में रहते आज जनता कांग्रेस राज से दोगुने दाम पर पेट्रोल और डीजल खरीदने पर मजबूर है। लोगों की सांस लेने से जुड़े पौधारोपण जैसे मामलों तक में हजारों करोड़ का गोलमाल किया जा रहा है। अगर पौधारोपण मामले की किसी निष्पक्ष एजेंसी से उच्च स्तरीय जांच करवाई जाएगी तो बहुत से अधिकारियों और भाजपा के मंत्री, विधायकों की पोल खुल जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *