Sunday , 6 October 2024

राहुल गांधी की दिल्ली रैली : सुरजेवाला सक्रिय तो भूपेन्द्र हुड्डा भी दिखाना चाहते है अपनी मेहनत

चंडीगढ़, 21 अप्रैल। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा आगामी 29 अप्रैल को दिल्ली के रामलीला मैदान में संबोधित की जाने वाली जनाक्रोश रैली को लेकर हरियाणा के कांग्रेस नेताओं में नेतृृत्व को अपना-चेहरा दिखाने की होड मची हुई है। हरियाणा के कैथल से कांग्रेस विधायक और पार्टी के अखिल भारतीय मीडिया प्रभारी रणदीप सुरजेवाला इस रैली को लेकर सक्रिय हैं तो पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा भी रैली के लिए अपनी मेहनत दिखाना चाहते है।

हरियाणा महिला कांग्रेस पर रणदीप सुरजेवाला का प्रभाव साफ ही दिखाई दे रहा है और महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सुमित्रा चौहान ने एक दिन पहले ही ऐलान किया है कि हरियाणा से जनाक्रोश रैली में सात हजार तक महिलाएं शामिल होंगी।

इसी जनआक्रोश रैली को सफल बनाने के लिये पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने 25 अप्रैल को दिल्ली स्थित अपने आवास पर प्रदेश भर के नेताओं तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की बैठक बुलाई है। इस बैठक में कांग्रेस के सभी विधायकों, पूर्व विधायकों, सांसदों, पूर्व सांसदों, 2014 के चुनाव में लोकसभा तथा विधानसभा के लिये कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवारों, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्षों, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई, कांग्रेस सेवा दल, तथा इनटक में काम करने वाले नेताओं के अतिरिक्त पार्टी के ऐसे सक्रिय कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया है जो अपने इलाकों में गहरी पैंठ रखते हैं।

अधिकृत जानकारी के अनुसार 25 अप्रैल की बैठक में हरियाणा कांग्रेस नेताओं को उनकी क्षमता के अनुसार भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी जायेगी। इससे पूर्व भी कांग्रेस पार्टी द्वारा दिल्ली में आयोजित दो रैलियों में हरियाणा से भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में बडी संख्या लोगों ने शिरकत की थी। हालांकि हुड्डा अभी दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती हैं लेकिन उनके सहयोगियों के अनुसार उनको 25 अप्रैल से पहले अस्पताल से छुट्टी मिल जायेगी। उनकी अनुपस्थिति में सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा रैली की तैयारियों की कमान संभाले हुए हैं और प्रदेश के तमाम नेताओं से संपर्क कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *