अंबाला/चंडीगढ़, 22 फरवरी: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने नगर परिषद अम्बाला छावनी चुनाव में भाजपा की मजबूत स्थिति का दावा किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार है, वे स्वयं अम्बाला छावनी से भाजपा विधायक हैं, और यदि नगर परिषद में भाजपा प्रधान और पार्षद होंगे तो विकास की गति और अधिक तेज होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा इन चुनावों में क्लीन स्वीप करेगी।
अनिल विज ने नगर परिषद चुनाव को लेकर भाजपा प्रत्याशियों के साथ बैठक की, जिसमें चुनावी रणनीति और दिशा-निर्देश साझा किए गए। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि भाजपा के प्रत्याशी पूरी तरह उत्साहित हैं और चुनाव में जीत सुनिश्चित करने के लिए तैयार हैं।
कांग्रेस के खिलाफ हमला
मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के डर से कांग्रेस अपनी प्रत्याशियों की सूची तक जारी नहीं कर सकी और चुनाव मैदान में उतरने से पीछे हट गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने पहले ही भाजपा की जीत स्वीकार कर ली है। केवल कुछ निर्दलीय उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं, लेकिन अम्बाला छावनी के विकास की जिम्मेदारी भाजपा ही निभाएगी।
अंबाला शहर मेयर उपचुनाव पर बयान
मेयर उपचुनाव में प्रभारी बनाए जाने पर अनिल विज ने कहा, “अनिल विज जहां अटैच हो जाता है, वहां विजय श्री अपने आप आ जाती है।” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अंबाला शहर में भी भाजपा भारी मतों से विजयी होगी। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ निर्दलीय प्रत्याशी उनके नाम और फोटो का इस्तेमाल कर रहे हैं, जो गलत है, और इस संबंध में भाजपा प्रत्याशियों द्वारा चुनाव अधिकारी से शिकायत की जा रही है।
तेजस्वी यादव के बयान पर पलटवार
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव द्वारा ईवीएम खत्म करने के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा, “न नौ मन तेल होगा, न राधा नाचेगी।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जनता अब इनकी सच्चाई जान चुकी है और दोबारा धोखा नहीं खाएगी। उन्होंने यह भी जोड़ा कि किसी सरकार ने सपने देखने पर कोई टैक्स नहीं लगाया, इसलिए तेजस्वी यादव और उनकी पार्टी सपनों में ही सरकार बनाते रहें।
दिल्ली को मिलेगा नया दर्जा
आप नेता मनीष सिसोदिया के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अनिल विज ने कहा कि भाजपा दिल्ली को वह दर्जा दिलाएगी, जो इतनी बड़ी देश की राजधानी को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली के विकास में आ रही बाधाओं को दूर किया जाएगा और इसे देश की असली राजधानी के अनुरूप बनाया जाएगा।
भाजपा की बैठक में प्रधान पद प्रत्याशी स्वर्ण कौर, चुनाव संयोजक संजीव सोनी, ओम सहगल, जसबीर जस्सी, मदनलाल शर्मा, राजीव गुप्ता, सुरेंद्र बिंद्रा, विजेंद्र चौहान सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।