नई दिल्ली, 1 फरवरी: दिल्ली विधानसभा चुनाव के मद्देनजर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का प्रचार अभियान जोर पकड़ रहा है। अरविंद केजरीवाल की सरकार की कथित विफलताओं को उजागर करने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री सैनी ने शनिवार को दिल्ली के 9 विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं और रोड शो में भाग लिया।
बीजेपी के प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार करने के लिए मुख्यमंत्री सैनी की मांग लगातार बढ़ रही है। दिल्ली में उनकी सभाओं को मिल रही जबरदस्त प्रतिक्रिया से पार्टी कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है, जबकि विपक्ष की चिंता बढ़ती जा रही है।
बजट सुनने के बाद नुक्कड़ सभा से किया प्रचार का आगाज
शनिवार को मुख्यमंत्री सैनी ने प्रचार की शुरुआत चांदनी चौक विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी प्रत्याशी सतीश जैन के समर्थन में आयोजित नुक्कड़ सभा से की। इससे पहले उन्होंने सिविल लाइन इलाके में वर्ष 2025-26 के आम बजट का प्रसारण पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ देखा और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के संबोधन को सुना। इसके बाद कार्यकर्ताओं के साथ चांदनी चौक के प्रसिद्ध पकवानों का आनंद लेते हुए उन्होंने बीजेपी सरकार की नीतियों को विस्तार से समझाया।
यमुना जल का कलश लेकर बैलगाड़ी से पहुंचे सैनी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वजीरपुर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी पूनम शर्मा के समर्थन में अनोखे अंदाज में जनसभा को संबोधित किया। गडरिया समाज द्वारा आयोजित जनसभा में सैनी बैलगाड़ी में यमुना जल का कलश लेकर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार पर जमकर हमला बोला और दावा किया कि अरविंद केजरीवाल ने यमुना जल की गुणवत्ता को लेकर झूठी अफवाहें फैलाकर दिल्ली और हरियाणा के बीच तनाव पैदा करने की कोशिश की।
उन्होंने कहा, “यमुना केवल पानी का स्रोत नहीं, बल्कि हमारी आस्था का विषय है। मैं स्वयं यमुना का जल पीकर आया हूं और पूर्व मुख्यमंत्री के झूठ की पोल खोल चुका हूं।”
गडरिया समाज ने इस अवसर पर दिल्ली में बीजेपी की सरकार बनाने के लिए समर्थन देने की घोषणा भी की।
मोदी सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का संकल्प
मुख्यमंत्री सैनी ने अपने संबोधन में आम आदमी पार्टी की 10 वर्षों की विफलताओं को उजागर किया और बताया कि दिल्ली को स्थायी विकास की जरूरत है, जो केवल बीजेपी के नेतृत्व में संभव है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विश्व में अपनी साख बनाई है और दिल्ली में भी कमल खिलने पर सभी समस्याओं का समाधान होगा।
“हरियाणा में हमने मोदी जी की नीतियों को सफलतापूर्वक लागू किया है। अब दिल्ली में भी युवाओं को बेहतर शिक्षा, महिलाओं को सशक्त बनाने और आयुष्मान भारत सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने के लिए बीजेपी प्रतिबद्ध है,” सैनी ने कहा।
इन विधानसभा क्षेत्रों में किया प्रचार
शनिवार को चांदनी चौक, वजीरपुर, बुराड़ी, नांगलोई, नजफगढ़, तिलक नगर, मालवीय नगर, जंगपुरा और मुंडका में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बीजेपी प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार किया। इस दौरान उनके साथ हरियाणा से राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा और अन्य पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
जनता से मिल रहे जबरदस्त समर्थन से बीजेपी कार्यकर्ता उत्साहित नजर आए। मुख्यमंत्री सैनी के सरल और प्रभावी भाषण ने लोगों को खासा प्रभावित किया। सभाओं और रोड शो में उमड़ी भीड़ और समर्थकों के बीच ली जा रही सेल्फियों ने यह स्पष्ट कर दिया कि दिल्ली में बीजेपी की स्थिति मजबूत हो रही है।
विपक्ष की बढ़ी चिंता, बीजेपी को मिल रहा समर्थन
दिल्ली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की बढ़ती लोकप्रियता से विपक्षी दलों की बेचैनी बढ़ गई है। उनकी सभाओं में उमड़ रही भीड़ और जनता का समर्थन बीजेपी के लिए सकारात्मक संकेत हैं। अब देखना यह होगा कि आगामी 8 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनावों में बीजेपी को इसका कितना फायदा मिलता है।