Friday , 20 September 2024

कांग्रेस ने किया जय भारत सत्याग्रह आंदोलन का आगाज !

हरियाणा डेस्क :- चरखी दादरी, भाजपा के राहुल गांधी मामले की साजिश का पर्दाफाश करने के लिये कांग्रेस पार्टी ने जय भारत सत्याग्रह आंदोलन का आगाज किया। इस दौरान पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रणसिंह मान व पूर्व मंत्री सुभाष गोयल ने संयुक्त रूप से केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए ब्लाक, जिला व प्रदेश स्तर पर आंदोलन को लेकर रूपरेखा तैयार करते हुए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी लगाई। साथ ही 8 अप्रैल तक चलने वाले आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया गया। जय भारत सत्याग्रह आंदोलन का आगाज को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मीटिंग दादरी के रेस्ट हाउस में आयोजित की गई। मीटिंग में पूर्व कृषि मंत्री स्व. सुरेंद्र सिंह की पुण्यतिथि पर उनको श्रद्धांजलि अर्पित की और आंदोलन को लेकर रूपरेखा तैयार की। कांग्रेस नेताओं ने जय भारत सत्याग्रह आंदोलन को ब्लाक, जिला स्तर पर आमजन के बीच पहुंचकर भाजपा की साजिश बारे जागरूक किया जाएगा।

पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रणसिंह मान ने कहा कि किसानों पर पश्चिमी विक्षोभ का खतरे की तरह देश की स्वच्छ राजनीति पर खतरा बना हुआ है। भारतीय लोकतंत्र पर गुजराती पश्चिमी विक्षोभ की काली छाया का खतरा मंडराया हुआ है। मोदी-अडानी गठजोड़ द्वारा जनता और राष्ट्रीय संपत्तियों की लूट के खिलाफ राहुल गांधी की साहसपूर्ण लड़ाई को लेकर जय भारत सत्याग्रह के माध्यम आम जनता तक संपर्क साधा जाएगा। ब्लाक स्तर से शुरू होकर जिला, स्टेट व राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन होगा।

वहीं पूर्व मंत्री सुभाष गाेयल ने कहा कि जय भारत सत्याग्रह आंदोलन के तहत कांग्रेस ने राहुल गांधी के मुद्दे पर जनता के बीच जाने फैसला लिया है। भाजपा ने देश के विपक्ष को एकजुट कर कांग्रेस को फायदा पहुंचाया है। कहा कि राहुल के साथ-साथ कांग्रेस के सभी सांसदों को निकालने का भाजपा प्रयास कर रही है। कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी और भाजपा की करतूतों को जनता के बीच लेकर जाएंगे। उन्होंने हरियाणा कांग्रेस पार्टी में गुटबाजी को लेकर कहा कि पार्टी में धड़े नहीं बल्कि टिकट चाहने वालों की संख्या ज्यादा है। वहीं संगठन को लेकर शीर्ष नेतृत्व गंभीर है और जीत के लिए कांग्रेसी मैदान में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *