Thursday , 19 September 2024

‘‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’ सोमवार को 30वां दिन !

हरियाणा डेस्क:- रेवाड़ी, ‘‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’ सोमवार को 30वें दिन में प्रवेश कर गई। इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने दावा किया कि हरियाणा में परिवर्तन का दौर शुरू हो चुका है और बदलाव का यह अध्याय हरियाणा से होता हुआ पूरे देश भर में लिखा जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्र और प्रदेश सरकारों की गलत नीतियों के कारण ही पूरा देश स्वयं को ठगा और लुटा हुआ महसूस कर रहा है। वे जिला रेवाड़ी के कोसली विधानसभा क्षेत्र के गांव गुर्जरवास में अपनी परिवर्तन पदयात्रा के तहत आयोजित एक विशाल सभा को संबोधित कर रहे थे। इस सभा के दौरान सभी उपस्थितजनों ने परिवर्तन की इस लड़ाई को अगले चुनावों तक सुचारू रखने का भी संकल्प लिया। इस पर अभय चौटाला ने कहा कि वास्तव में ये लड़ाई इनेलो की सत्ता प्राप्ति के लिए नहीं बल्कि इस देश और प्रदेश के कमेरे, किसानों, मजदूरों, गरीबों, कर्मचारियों, महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं के भविष्य को लेकर है।

उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की बेहद खुशी मिली है कि वे पदयात्रा के तहत जिन भी क्षेत्रों में पहुंचे हैं तो सभी वर्गों के साथ युवाओं ने बड़े जोश और उत्साह के साथ यात्रा में शामिल लोगों का मनोबल बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में इस परिवर्तन में युवा ही नई इबारत लिखेंगे और इनेलो द्वारा आने वाले चुनावों में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए 50 फीसदी टिकटें युवाओं को ही दी जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं के हाथों में सत्ता की बागडोर होगी तो निश्चित तौर पर नई सोच के साथ विकास की नीतियों को लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब वक्त बदलाव का ही नहीं बल्कि सोचने और समझने का है। लोगों को जागने की जरूरत है और उन्हें यह परखने की जरूरत है कि क्या जुमलों के आधार पर देश और प्रदेश उन्नतशील हो सकता है? क्या इसी झूठ के आसरे युवाओं का भविष्य सुरक्षित रह सकता है? क्या इसी फरेब और जनविरोधी नीतियों के कारण गरीब का भला हो सकता है? अहम बात तो ये है कि इस देश और प्रदेश में आज युवा बढ़ती बेरोजगारी के कारण पथभ्रष्ट हो गया है और बेरोजगारी के संदर्भ में हरियाणा के मुख्यमंत्री को सही आंकड़े तक की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री ने एक पूछे गए प्रश्न के जवाब में गलत आंकड़े पेश किए।

अब लोगों को यह समझना चाहिए कि आंकड़ों के झूठे जाल बुनकर ये लोग हरियाणा को किस दिशा में ले जा रहे हैं? अभय सिंह चौटाला ने कहा कि इनेलो की सरकार आने पर लोगों को अपने हक-अधिकार के लिए दर-दर की ठोकरें नहीं खानी पड़ेगी। जिस प्रकार पूर्व के इनेलो शासन में ‘सरकार जनता के द्वार’ जाती थी तो आने वाली इनेलो की सरकार में भी यही रिवायत जारी रहेगी। लोगों के घर द्वार पहुंच कर उनकी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे। महंगाई पर अंकुश लगाया जाएगा और गृहणी को प्रत्येक माह रसोई बजट के लिए 1100 रुपए देने के साथ-साथ एक गैस सिलैंडर हर महीने मुफ्त दिया जाएगा। किसानों पर इस तानाशाही सरकार के कारण बढ़ रहे कर्जों को हटाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *