Friday , 20 September 2024

12वें दिन पलवल हलके के गांव अटोहा से शुरू हुई अभय सिंह चौटाला की ‘‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’

हरियाणा:- पलवल, होली के पावन पर्व के उपलक्ष में दो दिन के विश्राम के बाद इंडियन नेशनल लोकदल के प्रधान महासचिव एवं विधायक अभय सिंह चौटाला के नेतृत्व में ‘‘परिवर्तन पदयात्रा आपके द्वार’’ वीरवार को बारहवें दिन पलवल हलके के गांव अटोहा से शुरू हुई। जगह-जगह पर लोगों ने गर्मजोशी के साथ अभय सिंह चौटाला का जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते हुए लोग यात्रा में शामिल हुए। गांव छछूनगर पहुंचने पर पूरा गांव अभय सिंह चौैटाला के स्वागत के लिए उमड़ पड़ा। गांव के हरएक घर से महिलाएं पहुंची। छछूनगर वही गांव है जहां जननायक ताऊ देवी लाल और चौधरी ओम प्रकाश चौटाला मुख्यमंत्री रहते हुए इस गांव में ठहरा करते थे। इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि 2024 में हर हाल में हरियाणा में परिवर्तन आएगा। आज इस सरकार से नौजवान, किसान, मजदूर, व्यापारी, कर्मचारी, गृहिणी समेत सभी वर्ग बेहद दुखी हैं और इस बेरहम सरकार को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुके हैं।

उन्होंने कहा कि 2019 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2022 तक किसानों की आय दोगुणी करने का वादा किया था। 2022 चला गया लेकिन किसानों की आय तो दोगुणी नहीं हुई लेकिन किसान पर कर्जा बढ़ता चला गया है। आज रोजमर्रा की वस्तुएं आम आदमी की पहुंच से बाहर हो रही हैं। रसोई गैस सिलैंडर और पैट्रोल-डीजल के दाम निरंतर बढ़ते जा रहे हैं। इस सरकार ने आम आदमी की कमर तोड़ने का काम किया है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार हरियाणा के 21 लाख किसान कर्जदार हैं। युवा वर्ग तो इस सरकार से सबसे अधिक मायूस है। भाजपा गठबंधन सरकार युवाओं को रोजगार देने में नाकामयाब रही है। इनेलो नेता ने कहा कि परिवर्तन पदयात्रा के दौरान वे हर रोज 20 से 25 किलोमीटर पैदल चल रहे हैं और अब तक 12 दिनों में करीब 125 गांवों में जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि वे ग्रामीणों के बीच बैठकर उनसे इस सरकार की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी लेते हैं। इस दौरान लोग इस सरकार को जमकर कोस रहे हैं। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि आज बेरोजगारी में हरियाणा पहले स्थान पर आ गया है।

27 प्रतिशत आपराधिक दर के साथ हरियाणा देश का सबसे असुरक्षित राज्य बन गया है। आज लोगों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है। नहरों में पानी नहीं आ रहा है। सडक़ें टूटी पड़ी हैं और नई बन नहीं रही हैं। प्रदेश में आधारभूत सुविधाएं भी यह सरकार मुहैया नहीं करवा पा रही है। इनेलो प्रधान महासचिव ने कहा कि इस सरकार ने मर्ज करने के नाम पर 300 के करीब स्कूल बंद कर दिए। स्कूलों में शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार ही 22 हजार से अधिक शिक्षकों के पद खाली हैं। सरकारी अस्पतालों में न दवाई और न ही चिकित्सक हैं। उन्होंने कहा कि आज जनता 1999 से लेकर 2005 तक चौ. ओमप्रकाश चौटाला के खुशहाल शासन को याद कर रही है। इसके साथ ही आज पूरे प्रदेश के लोगों में इनेलो के प्रति 1977 और 1987 जैसा जोश व लहर देखने को मिल रही है। जनता इस सरकार को सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है और 2024 का बेसब्री से इंतजार कर रही है। इनेलो नेता ने कहा कि 2024 में इनेलो की सरकार बनना तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *