Friday , 20 September 2024

हिमाचल विधानसभा चुनाव में भाजपा के वीरभद्र सरकार पर वार

चंडीगढ,30अक्टूबर। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए दोनों प्रतिद्वंद्वी दलों सत्तारूढ कांग्रेस और सत्ता की प्रबल दावेदार भाजपा के बीच अब घमासान छिड गया है। भाजपा ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के खिलाफ अदालत तक पहुंचे भ्रष्टाचार के मामलों और केन्द्र की पूर्व यूपीए सरकार के दौरान सामने आए घोटालों को मुद्दा बनाकर प्रचार को धार दी है तो कांग्रेस ने केन्द्र की भाजपा नीत सरकार के नोटबंदी और जीएसटी को हथियार बनाकर भाजपा के हमलों को नाकाम करने की रणनीति अपनाई है।
हिन्दू कार्ड चलाने के लिए केसरिया पार्टी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को स्टार प्रचारक के रूप में पर्वतीय प्रदेश की रणभंूमि में उतारा है। भाजपा के राष्ट्ीय अध्यक्ष अमित शाह करीब छह माह पहले से हिमाचल प्रदेश की चुनावी रणनीति तय करने के लिए प्रदेश के दौरे कर रहे थे। अब शाह ने सोमवार से प्रदेश में चुनावी रैलियों को संबोधित करने का सिलसिला शुरू किया है। डलहौजी जिले के बनीखेत में सोमवार को अमित शाह ने रैली को संबोधित किया और वीरभद्र सरकार पर आरोप लगाया कि उसने अपने कामों से देवभूमि को पूरे देश में बदनाम किया है। जहां कहीं भी भ्रष्टाचार की चर्चा होती है वीरभद्र सरकार का नाम सबसे पहले होता है। कांग्रेस सरकार ने हिमाचल प्रदेश को भ्रष्टाचार व गंभीर अपराधों के मामलों में नम्बर एक बना दिया है। तीन साल में हमारे विपक्षी केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार के खिलाफ एक भी आरोप लगाने में सफल नहीें हुए। वीरभद्र सरकार केन्द्र की मोदी सरकार की गरीब हितैषी योजनाओं को भी लागू नहीं होने दे रही। भाजपा का हिमाचल प्रदेश में जनप्रिय व पारदर्शी सरकार बनाने का वायदा है। केन्द्र की पूर्व कांग्रेस नीत यूपीए सरकार को लेकर भी शाह ने कांग्रेस पर प्रहार किए और कहा कि इस सरकार ने आकाश से पाताल तक भ्रष्टाचार किया। पाताल में कोयला घोटाला किया गया तो जमीन पर काॅमनवैल्थ घोटाला किया। आसमान में टू जी व एयर इंडिया घोटाले किए गए। समुद्र में सब मेरीन घोटाला किया गया।
कांग्रेस ने बनाया जीएसटी और नोटबंदी को हथियार
शाह हिमाचल प्रदेश में पांच दिन चुनाव प्रचार करेंगे व सात जिलों में दस रैलियों को संबोधित करेंगे। उधर कांग्रेस ने नोटबंदी व जीएसटी को हथियार बनाया है। पार्टी के नेता और राज्यसभा सदस्य आनन्द शर्मा ने सोमवार को शिमला में पत्रकारों से बातचीत में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व केन्द्रीय वित्त मंत्री अरूण जेटली को शिमला या अहमदाबाद में अर्थव्यवस्था पर बहस की चुनौती दी। भाजपा द्वारा रविवार को जारी किए गए विजन डोक्यूमेंट पर प्रहार करते हुए शर्मा ने कहा कि पार्टी जवानों की शहादत व शांतिपूर्ण राज्य में हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं का राजनीतिक लाभ लेना चाहती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नोटबंदी के कारण बैंकों के सामने लगी लम्बी लाइनों में हुई 143 मौतों पर माफी मांगना भी जरूरी नहीं समझा। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा किसी और देश में होता तो प्रधानमंत्री के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जाते। नोटबंदी के बाद देश की अर्थव्यवस्था दौड नहीं रहीं बल्कि हांफ रही है। इसके कारण चार करोड लोगों ने रोजगार गंवा दिया है। उन्होंने कहा कि नेशनल क्राइम रिकाॅर्ड ब्यूरो के अनुसार महिलाओं के खिलाफ अपराध भाजपा शासित मध्यप्रदेश व राजस्थान में सर्वाधिक है।
हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा द्वारा जारी स्टार प्रचारकों की सूची में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भाजपा के राष्ट्ीय अध्यक्ष अमित शाह के अलावा गृहमंत्री राजनाथ सिंह,विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, वित्त मंत्री अरूण जेटली,केन्द्रीय मंत्री उमा भारती, राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी,सूचना प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी के नाम भी शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *