Sunday , 23 February 2025

दिल्ली में 27 साल बाद भाजपा की प्रचंड जीत, मोहनलाल बडौली ने जलेबी खिलाकर मनाया जश्न

नई दिल्ली, 8 फरवरी 2025 – दिल्ली विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक जीत के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। हरियाणा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडौली ने इस जीत का जश्न कार्यकर्ताओं के साथ जलेबी खिलाकर मनाया और इसे जनता की जीत बताया।

 

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बडौली ने दिल्ली की जनता को धन्यवाद देते हुए कहा कि “दिल्ली ने झूठ और भ्रष्टाचार की दुकान पर ताला लगा दिया है और कट्टर बेईमान केजरीवाल को सबक सिखाया है।” उन्होंने कहा कि दिल्लीवासियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों और गारंटी पर भरोसा जताते हुए भाजपा को ऐतिहासिक जनादेश दिया है।

 

‘आप’ का अंत, भाजपा का नया दौर

मोहनलाल बडौली ने आम आदमी पार्टी (AAP) पर निशाना साधते हुए कहा कि “दिल्ली में ‘आपदा’ का अंत हो गया है।” उन्होंने कहा कि पिछले 27 वर्षों से दिल्ली में भाजपा सत्ता से बाहर थी, लेकिन इस बार जनता ने झूठ और भ्रष्टाचार की राजनीति को नकार दिया है।

 

उन्होंने कहा, “केजरीवाल सरकार ने दिल्ली को सिर्फ झूठे वादों और भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं दिया। हरियाणा के लोगों पर झूठे आरोप लगाकर गंदी राजनीति करने वाले केजरीवाल को दिल्ली की जनता ने अब बाहर का रास्ता दिखा दिया है।”

 

मोदी की गारंटी पर भरोसा

मोहनलाल बडौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों ने जनता का दिल जीता और अब देशभर में भाजपा की विजय यात्रा जारी है। उन्होंने कहा, “दिल्ली की जनता ने साफ संदेश दे दिया है कि झूठ और भ्रष्टाचार नहीं, बल्कि विकास की राजनीति ही आगे बढ़ेगी।”

 

भविष्यवाणी हुई सच

प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि उन्हें पहले से विश्वास था कि इस बार दिल्ली में भाजपा की जीत सुनिश्चित है। उन्होंने कहा, “दिल्ली में चुनाव की तारीखें हरियाणा के पिछले चुनावों जैसी ही थीं – 5 तारीख को मतदान और 8 को नतीजे। जैसे हरियाणा में भाजपा जीती थी, वैसे ही दिल्ली में भी कमल खिलेगा, यह तय था।”

 

हरियाणा और दिल्ली की जीत

उन्होंने इस जीत को सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि हरियाणा की भी जीत बताया। उन्होंने कहा, “हरियाणा और दिल्ली का रिश्ता गहरा है। केजरीवाल ने यमुना माई का अपमान किया और हरियाणा के लोगों पर झूठे आरोप लगाए, लेकिन जनता ने अब उसे करारा जवाब दिया है।”

 

भाजपा कार्यकर्ताओं में जोश

मोहनलाल बडौली ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जलेबी खाकर जीत का जश्न मनाया और कहा कि यह जीत मेहनती भाजपा कार्यकर्ताओं की भी जीत है। उन्होंने कहा, “अब दिल्ली में विकास की राजनीति का नया युग शुरू होगा और भाजपा अपने संकल्पों को पूरा करेगी।”

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *