Sunday , 23 February 2025

पंजाब में अब 406 सरकारी सेवाएं घर बैठे उपलब्ध, 1076 पर कॉल कर पाएं लाभ

चंडीगढ़,06 फरवरी : पंजाब सरकार ने नागरिकों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए एक बड़ी पहल की है। अब प्रदेश के लोग 406 सरकारी सेवाओं का लाभ घर बैठे ले सकेंगे। इसके लिए उन्हें सेवा केंद्र जाने की जरूरत नहीं होगी। नागरिकों को सिर्फ हेल्पलाइन नंबर 1076 पर कॉल करनी होगी, जिसके बाद संबंधित सेवाएं सीधे उनके दरवाजे तक पहुंचेंगी। इस सेवा का शुभारंभ आज कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने चंडीगढ़ में किया।

 

अब घर बैठे मिलेगी आधार, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट जैसी सेवाएं

इस सेवा के तहत 29 विभागों से जुड़ी 406 सुविधाएं लोगों को दी जाएंगी। इनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट आवेदन, पुलिस वेरिफिकेशन, बिजली-पानी के कनेक्शन, जिला अधिकारियों से एनओसी, किरायेदारों की वेरिफिकेशन जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं शामिल हैं। इससे खासतौर पर बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को बड़ा फायदा होगा, क्योंकि अब उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

 

सरकारी सेवाओं की संख्या 43 से बढ़ाकर 406 की गई

इससे पहले सरकार केवल 43 सेवाएं ही घर बैठे उपलब्ध करा रही थी, लेकिन अब इस संख्या को बढ़ाकर 406 कर दिया गया है। इसका उद्देश्य सरकारी सेवाओं को तेजी, पारदर्शिता और बिना किसी अनावश्यक कागजी कार्रवाई के नागरिकों तक पहुंचाना है।

 

सेवाओं की डिलीवरी तय समय में होगी, फीडबैक भी जरूरी

कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने बताया कि सभी सेवाएं एक तय समय सीमा में नागरिकों को प्रदान की जाएंगी। सरकार यह भी सुनिश्चित करेगी कि लोगों को इन सेवाओं का सही लाभ मिल रहा है या नहीं। इसके लिए नागरिकों को फीडबैक देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अब तक 12.95 लाख लोगों ने इन सेवाओं को रेटिंग दी है, जिसमें औसत रेटिंग 4.1/5 रही है।

 

डिजिटल सेवाओं से बचत हो रहा समय और पैसा

अब तक 77 लाख से अधिक प्रमाण पत्र डिजिटल रूप में वितरित किए जा चुके हैं। इससे लोगों को सरकारी प्रमाण पत्र सीधे मोबाइल पर मिल रहे हैं, जिससे उनका समय और पैसे दोनों की बचत हो रही है। इसके अलावा, अब पटवारी, सरपंच, नंबरदार और नगर निगम अधिकारी भी आवेदन ऑनलाइन प्रोसेस कर रहे हैं, जिससे पारदर्शिता बढ़ रही है।

 

1076 पर कॉल कर पाएं सेवाएं

इस नई सुविधा का लाभ उठाने के लिए नागरिकों को सिर्फ 1076 पर कॉल करनी होगी। इसके बाद सरकार द्वारा नियुक्त अधिकारी सेवा को तय समय में नागरिकों तक पहुंचाएंगे। यह कदम पंजाब सरकार की डिजिटल और पारदर्शी प्रशासन की दिशा में एक बड़ी पहल माना जा रहा है।

 

 

About webadmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *