Friday , 20 September 2024

हरियाणा में सभी सरकारी व प्राईवेट बसें जल्द होंगी दिव्यांग-मैत्री

दिव्यांगों की यात्रा सुलभ करने के लिए हरियाणा सरकार ने यह निर्णय लिया है। इसके तहत परिवहन विभाग द्वारा जहां भविष्य में खरीदी जाने वाली सभी बसें दिव्यांग मैत्री होंगी वहीं पुरानी बसों में रैंप रखवाये जायेंगे। प्रदेश को दिव्यांग मैत्री बनाये जाने के संबंध में गुरुवार को चंडीगढ़ में मुख्य सचिव डी एस ढेसी की अध्यक्षता में हुई बैठक में यह जानकारी दी गई। बैठक में मुख्य सचिव ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे सभी जिला बस स्टैण्डों पर दिव्यांगों की सुविधा के लिए व्हीलचेयर रखवाये। इसके अलावा, सभी पुरानी बसों में रैंप रखवाये जायें ताकि बसों को दिव्यांग सुलभ बनाया जा सके। ढेसी ने सभी प्राईवेट बस आपरेटों को भी बसों में दिव्यांगों की सुविधा प्रदान करने के लिए हिदायतें जारी करने के आदेश दिये। मुख्य सचिव को बैठक में बताया गया कि गुरूग्राम जिले की 42 एवं फरीदाबाद जिले की 47 सरकारी इमारतों को जल्द ही दिव्यांग सुलभ बनाया जा रहा है। उन्हें बताया गया कि गुरूग्राम एवं फरीदाबाद जिले की सरकारी इमारतों के लिए केंद्र सरकार द्वारा अबतक 553.77 लाख रूपये जारी किये जा चुके हैं। उन्हें बताया गया कि प्रदेश के दस जिलों जिनमें पंचकुला, अंबाला, कुरूक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, हिसार तथा रेवाड़ी की सरकारी इमारतें, जो सार्वजनिक सेवाएं प्रदान करती हैं, को तीसरे चरण के तहत दिव्यांग सुलभ बनाया जायेगा। ढेसी ने कहा कि प्रदेश की 69 वैबसाइटों को भी मार्च 2018 तक दिव्यांग सुलभ बनाया जायेगा जिसके तहत अब तक 16 वैबसाईटों को दिव्यांग सुलभ बनाया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *