Friday , 20 September 2024

CMभगवंत मान ने ली मुख्यमंत्री पद की शपथ, वोट ना देने वालों से कही ये बात

पंजाब डेस्क- पंजाब में आप की शानदार जीत के बाद आज यानि 15 मार्च को आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान दोपहर 12:30 बजे पंजाब के सीएम पद की शपथ लेंगे। बता दें, 117 सीटों वाले पंजाब में आप ने 92 सीटों पर जीत हासिल की है। आप ने इस बार भगवंत मान के चेहरे को चुनाव लड़ने के लिए चुना था जिसके बाद उन्होंने शानदार जीत भी हासिल की है। इसी के साथ बता दें, कि मान संगरूर से दो बार के सांसद भी रह चुके है।

भगवंत मान का शपथ ग्रहण का समारोह शहीद भगत सिंह के गांव खटकर कलां में होगा। मान पंजाब के 17वें सीएम होंगे। बताया जा रहा है कि, बुधवार को सिर्फ भगवंत मान शपथ लेंगे, बाकी मंत्रियों का शपथ ग्रहण बाद में होगा। वहीं खटकर कलां में लोगों का पहुंचने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। आप का दावा है कि इस समारोह में तीन लाख लोग शामिल होंगे। जानकारी के मुताबिक, भगवंत मान ने लोगों से अपील की थी कि पुरुष बसंती रंग पहनकर आएं और महिलाएं पीला दुपट्टा पहनकर आएं।

1:40 update

वोट नहीं देनें वालों की भी है ‘आप’ सरकार

शपथ लेने के बाद भगवंत मान ने कहा, पंजाब के कोने कोने से भगत सिंह के गांव आए लोगों का मैं तहे दिल से धन्यवाद करता हूं। दिल्ली की कैबिनेट यहां बैठी है। सीएम केजरीवाल, डिप्टी सीएम आए हैं। यहां पंजाब के विधायक बैठें, जिन्होंने बहुत अच्छी जीत हासिल की। यहां होने की खास वजह है। ये भगवंत सिंह का गांव है। आम आदमी पार्टी उनके सपनों को पूरा करने के लिए काम कर रही है। ये गांव मेरे लिए नया नहीं है। मैं यहां बहुत बार आया हूं। आप का जनता ने साथ दिया। कई जन्म लेने पड़ेंगे, जनता के इस प्यार को उतारने के लिए।

मान ने कहा, जिन लोगों ने वोट नहीं दिया, मैं उनका भी सीएम हूं, उनकी भी सरकार है। हमें कोई अहंकार नहीं करना है। जनता चाहती है, तो अर्श पर पहुंचा देती है, चाहती है तो फर्श पर पहुंचा देती है। 

1:34 Update

भगवंत मान बने पंजाब के नए सीएम

भगवंत मान ने पंजाब के नए सीएम के तौर पर शपथ ले ली है। उन्हें राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने शपथ दिलाई।

1:30 update

दूसरे सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री बने भगवंत मान

भगवंत मान पंजाब के दूसरे सबसे कम उम्र के मुख्यमंत्री होंगे। इससे पहले प्रकाश सिंह बादल सबसे युवा मुख्यमंत्री बने थे।  

भगवंत मान ने शपथ ग्रहण से पहले किया ये ट्वीट
भगवंत मान ने शपथ ग्रहण से पहले ट्वीट कर कहा कि, ‘सूरज की सुनहरी किरण आज एक नया सवेरा लेकर आई है’। 

वहीं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, आज पंजाब के लिए बहुत बड़ा दिन है। नई उम्मीद की इस सुनहरी सुबह में आज पूरा पंजाब इकठ्ठा होकर एक खुशहाल पंजाब बनाने की शपथ लेगा। उस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने के लिए मैं भी शहीद भगत सिंह के पैतृक गांव खटकड़ कलाँ के लिए रवाना हो गया हूं।

शपथ ग्रहण के लिए 3 मंच तैयार
शपथ ग्रहण के लिए खटकर कलां गांव में भगतसिंह मेमोरियल पर 3 मंच तैयार किये गए हैं। पहले मंच पर भगवंत मान शपथ लेंगे। दूसरे मंच पर पंजाब के नए विधायक बैठेंगे। वहीं, तीसरा मंच दिल्ली से आए आप नेताओं के लिए तैयार किया गया है। शपथ ग्रहण में दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल, डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया, राघव चड्ढा समेत कई बड़े आप नेताओं के पहुंचने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *